Thursday, October 22nd, 2026

जनसंख्या नियंत्रण कानून बेहद जरूर : हरि भूषण ठाकुर

पटना  
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को सदन में कहा कि बिहार में प्रजनन दर कम हुई है जो कि अच्छी बात है। सरकार इसे और नीचे ले जाने की कोशिश करेगी। सीएम के इस बयान से भाजपा विधायक हरि भूषण ठाकुर सहमत नहीं दिखे। सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में हरि भूषण ने कहा कि प्रजनन दर बिहार का कम हुआ है लेकिन एक खास समाज की महिलाएं इसका पालन नहीं कर रहीं। उस समाज का ध्येय बहुसंख्यक बनना है।

हरि भूषण ठाकुर के इस बयान पर पलटवार करते हुए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि भाजपा वाले भड़काऊ बयान देते हैं। प्रजनन दर का मामला अमीरी-गरीबी से है। आबादी से परेशानी है तो लोगों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत करना चाहिए। इमान ने कहा कि जो लोग गरीब हैं उन लोगों के यहां बच्चे ज्यादा होते हैं। जो पढ़े-लिखे और आर्थिक रूप से संपन्न लोग हैं, उनके यहां बच्चे कम होते हैं। बीजेपी इस तरह की बातें करती है, जिससे नफरत की शुरुआत होती है।

विधायक ठाकुर ने भारत को विकसित देश बनाने के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून को बेहद जरूरी बताया और कहा कि यह कानून पूरे देश में लागू होना चाहिए। देश में संसाधन सीमित हैं। बीजेपी विधायक से जब सहयोगी जनता दल यूनाइटेड के मुस्लिम नेताओं को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने अपने सहयोगी दल की राष्ट्र भक्ति पर भी सवाल खड़े कर दिए।

 मंगलवार को विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत में सीएम नीतीश कुमार ने कहा था कि राज्य में प्रजनन दर गिरकर 3.2 प्रतिशत पर आ गई है और हम इसे और नीचे लेकर आएंगे। प्रजनन दर में कमी लाने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए लड़कियों को शिक्षित करने की जरूरत है। सरकार 12वीं और ग्रेजुएशन करने वाली लड़कियों को आर्थिक सहायदा दे रही है। एक समय ऐसा आएगा कि प्रजनन दर स्थिर हो जाएगा और फिर इसमें गिरावट आनी शुरू होगी। फिर इसका लाभ लोगों को मिलेगा।

 

#हरि भूषण ठाकुर

Source : Agency

पाठको की राय